युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनकी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 की शुरुआत की गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के पहले चरण में विकसित भारत क्विज का आयोजन किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने साहिबगंज जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में क्विज में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग लेने के पात्र हैं। ऑनलाइन क्विज का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर तक किया जा रहा है।
युवा अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न भाषाओं में व्यक्तिगत रूप से ऑनलाइन क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के विचारों, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को पहचानना तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
क्विज के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। इससे साहिबगंज के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। अधिकारियों ने जिले के पात्र युवाओं से समय रहते ऑनलाइन क्विज में भाग लेने की अपील की है।
