राजमहल थाना क्षेत्र के मुरम्मला गांव में शनिवार रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक राजेश कुमार साहा, पिता स्वर्गीय अमृत मंडल, कोलकाता के सेक्टर-5 स्थित सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड (CGWB) में कार्यरत हैं। वह पिछले सप्ताह मनसा पूजा के सिलसिले में गांव आए थे और सोमवार को वापस कोलकाता चले गए थे। घर की देखरेख उनके चाचा द्वारा की जाती है।
रविवार सुबह राजेश कुमार साहा के चचेरे भाई घर की सफाई और पूजा के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि घर के बाहर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और अलमारी भी टूटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार, चोर घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, आधा भरी सोने के आभूषण और करीब 30 भरी चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। बताया गया कि चोरों ने सामान्य आभूषणों को छोड़ दिया और कीमती जेवरात चुनकर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाके में जानकारी जुटाने के साथ चोरी की घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है। चोरी की इस वारदात के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
