धनबाद जिले के कतरास स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह अवैध कोयला खदान में बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कोयला चुनने और काटने के दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि तीन घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। केशलपुर कुम्हारपट्टी क्षेत्र में स्थित अवैध सुरंगों में कुछ महिलाएं और पुरुष कोयला चुनने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी और चट्टान का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है। वहीं तीन घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मलबे के नीचे अभी भी कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई है। राहत और बचाव कार्य के साथ मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
अवैध कोयला खनन के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में संचालित अवैध खदानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
