टुंडी थाना क्षेत्र के ओझाडीह गांव निवासी गौतम कुमार ओझा की पत्नी डॉ. सरिता कुमारी को शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद, झारखंड एवं संयुक्त ब्राह्मण समाज की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सह संयुक्त ब्राह्मण समाज के महासचिव सुरेश चंद्र तिवारी ने डॉ. सरिता कुमारी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. सरिता कुमारी ने वर्ष 2019 में UGC NET परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके अलावा उन्होंने छह विषयों में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने इतिहास विषय में पीएचडी की उपाधि भी हासिल की है।
उनके शोध कार्य में पूर्व एवं मध्यकाल में वैश्य समाज की स्थिति से संबंधित विषय पर अध्ययन किया गया है। शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. सरिता कुमारी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी मेहनत और सफलता विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
डॉ. सरिता कुमारी ने सम्मान के लिए अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद और संयुक्त ब्राह्मण समाज के प्रति आभार जताया। उन्होंने शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करने की बात कही।
