मोतिहारी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, थार से 180 लीटर विदेशी शराब बरामद; तस्कर फरार

बिहार में शराबबंदी कानून के अनुपालन को लेकर पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कोटवा और डुमरियाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की महिंद्रा थार से करीब 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदी थार को जब्त कर लिया, जबकि वाहन में सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया था। टीम ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन को मौके पर छोड़कर पानी भरे इलाके और गन्ने के खेतों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस ने थार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 20 कार्टन में रखी करीब 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। जब्त थार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 05 BU 3412 बताया गया है।

यह संयुक्त कार्रवाई कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक विमलेन्दु के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब बरामद शराब और जब्त वाहन के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।