आवास योजना की सूची से नाम हटाने पर मुखिया संघ नाराज, दोबारा भौतिक जांच की मांग

प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से कथित रूप से पात्र परिवारों के नाम हटाए जाने को लेकर बगहा-2 प्रखंड के मुखिया संघ में नाराजगी देखी जा रही है। बुधवार को इस मुद्दे पर प्रखंड क्षेत्र के मुखियाओं और मुखिया प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लाभुकों के चयन और सूची से नाम हटाने के मामलों पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद मुखिया संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बगहा-2 के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर आवास योजना की सूची का दोबारा भौतिक सत्यापन कराने की मांग की। प्रतिनिधियों का कहना था कि कई जरूरतमंद और पात्र परिवारों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।

बैठक में वाल्मीकिनगर, हरनाटांड, यमुनापुर-टड़वलिया, नरवल-बरवल, बिनवलिया-बोदसर, देवरिया तरुअनवा और बेलहवा-मदनपुर पंचायतों के मुखिया एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों की पहचान और चयन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए तथा किसी भी जरूरतमंद परिवार का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए।

मुखिया संघ ने प्रशासन से मांग की कि सूची में शामिल और बाहर किए गए लाभुकों का पुनः भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसे जल्द से जल्द सुधारा जाना चाहिए।

मुखिया संघ के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और पात्र लाभुकों के हित में आवश्यक कार्रवाई करेगा।