श्रीनगर में तैनात कांस्टेबल मोनू सऊ का दो दिन पहले हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मोहिसला पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मोनू सऊ के असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्ति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस बीच, आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी मोनू सऊ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार, मंत्री ने अपने प्रतिनिधियों को मृतक के घर भेजकर परिजनों से मुलाकात कराई और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।
मंत्री की ओर से संवेदना व्यक्त करते हुए अनूप चटर्जी ने बताया कि अग्निमित्रा पाल ने मोनू सऊ के परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति जताई है तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है और पूरे क्षेत्र के लिए भी एक दुखद समाचार है।
ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने दिवंगत मोनू सऊ को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
