धोबहा के पास पेड़ से टकराई मारुति वैन, यूपी के 22 वर्षीय युवक की मौत

बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य पथ पर धोबहा के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 22 वर्षीय युवक सत्यम दुबे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने दोस्तों के साथ वाल्मीकिनगर घूमने जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्यम दुबे अपने साथियों के साथ मारुति वैन से वाल्मीकिनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान धोबहा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल वाल्मीकिनगर एपीएचसी ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी सत्यम दुबे के रूप में की। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।