अमर शहीद कवि कैलाश के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, अधिकारियों ने दी पुष्पांजलि

स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर शहीद कवि कैलाश के शहादत दिवस के अवसर पर सोमवार को भोजपुर समाहरणालय, आरा के प्रांगण स्थित अमर शहीद कवि कैलाश उद्यान में श्रद्धांजलि सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और गणमान्य लोगों ने अमर शहीद कवि कैलाश के तैलचित्र एवं स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मौर्या होटल के निदेशक एवं अमर शहीद कवि कैलाश स्मृति संस्थान, भोजपुर के मुख्य संरक्षक सह आयोजन सचिव बी.डी. सिंह ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा (आईएएस) उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने अमर शहीद कवि कैलाश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके बलिदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद कवि कैलाश का जीवन देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके बलिदान और संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अमर शहीद कवि कैलाश की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके बताए आदर्शों और देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।