बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद भारत-नेपाल सीमावर्ती रक्सौल अनुमंडल क्षेत्र में सूखे मादक पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर हरैया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
हरैया थाना क्षेत्र के मैत्री पुल के पास वाहन जांच के दौरान संयुक्त टीम ने एक ई-रिक्शा सवार व्यक्ति को करीब 11.246 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के पर्सा जिले के बीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत छपकैया नगरपालिका निवासी अमर… के रूप में बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
