आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर स्थित सहिला पुल पर रविवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीरो की ओर से आरा जा रही एक अनियंत्रित हाइवा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को हाइवा से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संकरे पुल पर लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों के अनुसार, सहिला पुल काफी संकरा है और यहां वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई वाहन पुल से नीचे गिर चुके हैं।
ग्रामीणों ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से पुल की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होने से हादसों के खतरे को कम किया जा सकता है।
हादसे की सूचना के बाद संबंधित अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
