राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को जहानाबाद के इमलियाचक पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत राजद नेता एवं पूर्व विधायक डॉ. सच्चिदानंद यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा राजद परिवार उनके साथ खड़ा है।
तेजस्वी यादव ने दिवंगत सच्चिदानंद यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। तेजस्वी के पहुंचने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, राजद कार्यकर्ता और समर्थक भी मौके पर जुटे।
मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। जदयू को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जदयू को हाईजैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि जदयू अब पहले जैसी पार्टी नहीं रह गई है और कुछ लोगों तक सिमटकर रह गई है।
तेजस्वी यादव ने बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। उनके बयान को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
बता दें कि डॉ. सच्चिदानंद यादव का हाल ही में निधन हुआ था। वे जहानाबाद से राजद के पूर्व विधायक रहे थे। उनके निधन के बाद राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया था। पार्टी कार्यालय में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके सम्मान में राजद का झंडा आधा झुका दिया गया था।
