मोतिहारी के छौड़ादानो थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक लेकर छौड़ादानो बाजार की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाइक समेत पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू राय, पिता रामाधार राय, निवासी निमुआ, थाना घोड़ासहन, पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। आरोपी के पास से बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर BR05R 5435 बताया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को बाइक के प्रस्तुत किए गए कागजात संदिग्ध मिले। इसके बाद HHD मशीन के जरिए वाहन की जांच की गई। जांच में बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर में भिन्नता सामने आई।
चेचिस नंबर का सत्यापन किए जाने पर पुलिस को पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोटरसाइकिल चोरी की घटना में आरोपी की क्या भूमिका है और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।
