धनबाद जिला थीम बेस्ड दुर्गा पूजा पंडालों के लिए हर साल चर्चा में रहता है। इस बार भी जिले के अलग-अलग इलाकों में आकर्षक और अनोखी थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धनबाद के सरायढेला स्टीलगेट स्थित श्रीश्री दुर्गा पूजा कमेटी, सरायढेला कोला-कुसमा ग्राम पंचायत की ओर से इस वर्ष बेहद आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।
इस बार पूजा पंडाल को मोर की आकृति के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। पंडाल का मुख्य द्वार और सामने का हिस्सा विशालकाय तीन सुंदर मोर की आकृतियों से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पंडाल के अंदरूनी हिस्से में आदिवासी जीवनशैली की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। पंडाल की सजावट और निर्माण में थीम को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिले।
पूजा समिति के अनुसार, इस वर्ष दुर्गापूजा आयोजन का कुल बजट करीब 40 लाख रुपये रखा गया है। पंडाल निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है। पूजा पंडाल को अंतिम रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं।
बताया गया कि पंचमी के दिन धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के हाथों पूजा पंडाल का उद्घाटन किए जाने की तैयारी है। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं के लिए पंडाल को खोल दिया जाएगा और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
मोर की भव्य आकृति और पंडाल के अंदर आदिवासी जीवनशैली की प्रस्तुति इस दुर्गापूजा आयोजन को खास बनाने वाली है। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
