बेलागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में डायल 112 पर तैनात एएसआई सुनील चौधरी की मौत हो गई। मृतक अतरी थाना क्षेत्र के डिहुरी गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वह जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाना में एएसआई के पद पर तैनात थे और डायल 112 में ड्यूटी कर रहे थे।
हादसा बेलागंज थाना क्षेत्र के खनेटा के पास नेशनल हाईवे-22 पर हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनील चौधरी सुबह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
