सीवान में स्वर्ण व्यवसायी से लूट, पिस्तौल की बट से हमला कर किया घायल

बिहार के सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की वारदात सामने आई है। कमला चौक के पास बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी रतनेश कुमार को निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके सिर पर पिस्तौल की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और लूटपाट के बाद फरार हो गए। वारदात के दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग भी की गई।

जानकारी के मुताबिक, रतनेश कुमार चनचौरा बाजार में आभूषण की दुकान चलाते हैं। देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय कमला चौक के समीप अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और वारदात को अंजाम दिया।

घायल व्यवसायी का स्थानीय मेडिकल क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीवान के एसपी भारत सोनी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।