शनि अमावस्या पर मां भवतारिणी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

शनि अमावस्या के पावन अवसर पर शनिवार को पथराकुली स्थित मां भवतारिणी मंदिर में मां काली की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। पूजा में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी सैकड़ों भक्त मंदिर पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

मंदिर में पूजा-अर्चना की शुरुआत सुबह नौ बजे हुई, जो देर रात तक चली। धार्मिक अनुष्ठानों के तहत दोपहर में हवन संपन्न कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग और प्रसाद का वितरण किया गया। सैकड़ों भक्तों ने मां भवतारिणी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।

करीब 50 वर्षों से चली आ रही पूजा की परंपरा

बताया जाता है कि पथराकुली स्थित मां भवतारिणी मंदिर में करीब 50 वर्षों से पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। हर वर्ष इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां काली की आराधना करते हैं। शनि अमावस्या पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भक्तों की भागीदारी से मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

पूजा-अर्चना, हवन और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने मां भवतारिणी से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।