पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा ताराकुंड, विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देंगे : डॉ. धन सिंह रावत

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद स्थित पौराणिक एवं धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात और सैकड़ों ग्रामीण पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। यहां उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से संपन्न कराया।

मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने ताराकुंड के विकास, धार्मिक महत्व और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। इस दौरान क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया।

डॉ. धन सिंह रावत ने ताराकुंड के विकास को लेकर भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ताराकुंड जैसे पौराणिक और धार्मिक स्थलों को पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

योजना के तहत मां तारा के भव्य मंदिर और प्रतिमा के निर्माण के साथ ताराकुंड को तीर्थाटन सर्किट से जोड़ने की पहल की जा रही है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने, श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

ताराकुंड के विकास से न केवल इस पौराणिक स्थल की धार्मिक पहचान को मजबूती मिलेगी, बल्कि पौड़ी गढ़वाल को पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं भी मिल सकती हैं।