बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी के अवसर पर श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, बड़ा जमुआ की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रावण दहन देखने के लिए शाम ढलते ही बड़ा जमुआ मैदान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते पूरा मैदान लोगों से भर गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे युवा समाजसेवी भीम मंडल का समिति की ओर से चुनरी और गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद समाजसेवी भीम मंडल ने 50 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले को अग्नि दी। पुतले में आग लगते ही शानदार आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और पूरा इलाका जय श्रीराम के नारों से गूंजने लगा।
रावण दहन का दृश्य देखने के लिए बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बुराई का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर समाजसेवी भीम मंडल ने रावण दहन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में सत्य, सदाचार और सकारात्मक विचारों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विजयादशमी का यह आयोजन क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक आस्था का केंद्र बना रहा।
