आनंद मंगल द्वारा 27 और 28 अक्टूबर को आयोजित भव्य दीपोत्सव मेले का शानदार समापन हुआ। मेले की सफलता पर संस्था की अध्यक्ष अलका मित्तल और रिद्धि गोधा ने देश के विभिन्न शहरों से आए सभी स्टॉल संचालकों और धनबादवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। दो दिवसीय इस मेले में खरीदारी के साथ-साथ त्योहार की रौनक और उत्साह देखने को मिला।
दीपोत्सव मेले में होम डेकोर, भगवान की आकर्षक पोशाकें, साड़ियां, सूट, चादरें, दीये, दीपावली की सजावट के सामान और विभिन्न प्रकार के खान-पान की वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को त्योहार की खरीदारी के लिए एक ही जगह पर कई तरह के विकल्प मिले।
मेले में शामिल नेल्स बाय प्रिया नेल्स अकैडमी की संचालिका प्रिया और मेकअप आर्टिस्ट आरसी गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां स्टॉल लगाना उनके लिए यादगार और शानदार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि मेले में लोगों का अच्छा रिस्पांस मिला, जिससे उन्हें काफी उत्साह मिला।
इस अवसर पर रिद्धि गोधा ने कहा कि आनंद मंगल का दीपोत्सव मेला केवल खरीदारी का आयोजन नहीं है, बल्कि समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने, ग्राहकों तक पहुंच बनाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
आनंद मंगल की ओर से सभी स्टॉल संचालकों, सहयोगियों और शहरवासियों को मेले को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया गया। दीपोत्सव मेले ने त्योहार की खुशियों के साथ स्थानीय व्यापार, महिला उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
