मानव सेवा ट्रस्ट ने जरूरतमंदों के बीच किया भोजन वितरण, मनीष गुप्ता बोले- भूखे को भोजन कराना ही सच्ची मानव सेवा

मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंदों और असहाय लोगों की मदद के उद्देश्य से चलाए जा रहे नियमित साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत रविवार की संध्या रणधीर वर्मा चौक स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों के बीच पूरी-सब्जी और बूंदी का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रंजीत जायसवाल ने स्वयं अपने हाथों से जरूरतमंदों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद भोजन वितरण का कार्य प्रारंभ किया गया। जरूरतमंदों के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराना ही सच्ची मानव सेवा और ईश्वर की आराधना है। समाज में ऐसे लोगों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है, जो किसी कारणवश अपनी जरूरतें पूरी नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना और समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने आगे कहा कि ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक सप्ताह भोजन वितरण अभियान चलाया जाता है, ताकि जरूरतमंद और असहाय लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा सके। इस तरह के सेवा कार्यों से समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।

मानव सेवा ट्रस्ट की इस पहल से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज को मानवता और सेवा का संदेश भी दिया जा रहा है।