मानव सेवा ट्रस्ट ने सबलपुर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, बांटे उपहार और मिठाइयां

दीपावली का त्योहार खुशियों और आपसी प्रेम का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए मानव सेवा ट्रस्ट, धनबाद की ओर से गुरुवार को सबलपुर, सहयोगी नगर स्थित वृद्धाश्रम में विशेष दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और उन्हें उपहार व मिठाइयां भेंट कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नीतू शंकर की उपस्थिति में हुआ। इस आयोजन में ओल्ड एज होम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समारोह के दौरान वृद्धाश्रम के सभी सदस्यों के लिए विशेष दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। इसमें खीर, चाउमीन, भोजन और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां परोसी गईं।

दीपावली के अवसर पर बुजुर्गों को उपहार स्वरूप पटाखे, दीये और अन्य उपयोगी सामग्रियां प्रेमपूर्वक भेंट की गईं। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। ट्रस्ट के सदस्यों ने उनके साथ समय बिताया और त्योहार की खुशियों में उन्हें सहभागी बनाया।

इस अवसर पर मानव सेवा ट्रस्ट के नए सदस्यों का भी परिचय कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ट्रस्ट ने समाज के बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भावना का संदेश दिया।

मानव सेवा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की जा रही है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी जरूरतमंदों और बुजुर्गों के साथ खुशियां बांटने में है।