झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में हुई बड़ी डकैती के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फरार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, अपराधी बैंक से करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये और जेवरात लूटकर फरार हो रहे थे। घटना के बाद अपराधियों के भागने की सूचना मिलते ही जमुआ पुलिस अलर्ट हो गई और उनकी तलाश में पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र के बरडबटिया के पास से अपराधियों का पीछा करना शुरू किया। इसके बाद पुलिस की टीम बंसीडीह जंगल तक पहुंची। इस दौरान बाघमारा, रूपीडीह और बंसीडीह गांव के ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस एक अपराधी को पकड़ने में सफल रही।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधी के पास से एक पिस्टल और एक अपाची बाइक बरामद की गई है। बैंक डकैती जैसी बड़ी वारदात के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। लूटी गई रकम और जेवरात की बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
