‘पंख एक नई दिशा’ ने हिंदू मिशन में अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय संस्था ‘पंख एक नई दिशा’ की ओर से हिंदू मिशन में अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के अवसर पर बच्चों के बीच खाद्य सामग्री, मिठाइयां, पटाखे एवं फुलझड़ियों का वितरण किया गया। संस्था की ओर से बच्चों के लिए लड्डू, रसगुल्ला, खीर, समोसा, आलूचाप, सोनपापड़ी, बिस्कुट और टॉफी सहित कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।

संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से बच्चों को भोजन कराया और उनके साथ समय बिताकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। पटाखे और फुलझड़ियां पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चों ने उमंग और उल्लास के साथ दीपावली मनाई। बच्चों के चेहरों पर खिलती मुस्कान ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

बच्चों की खुशी देखकर संस्था के सभी सदस्यों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद एवं अनाथ बच्चों के जीवन में खुशियां लाना और समाज में सेवा, सहयोग तथा मानवता की भावना को मजबूत करना है।

इस आयोजन के माध्यम से ‘पंख एक नई दिशा’ ने संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के साथ समय बिताने में है।