कार्मेल स्कूल, धनबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, शिक्षिकाओं की प्रस्तुति ने बच्चों का जीता दिल

कार्मेल स्कूल, धनबाद में शनिवार को बच्चों के उत्साह और उमंग के बीच बाल दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर प्री-प्राइमरी, प्राइमरी और हाई स्कूल की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

समारोह की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा और मनमोहक प्रार्थना नृत्य के साथ हुई। इसके बाद स्कूल की शिक्षिकाओं ने बच्चों के मनोरंजन के लिए कई रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षिकाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्साह और खुशियों से भर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्कूल की सिस्टर्स द्वारा प्रस्तुत गीत रहा। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में बच्चों के लिए सुंदर गीत गाए और उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उनकी प्रस्तुति को बच्चों ने खूब सराहा।

वहीं, 5 नवंबर को स्कूल परिसर में दीपावली के अवसर पर रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कला और उत्सव के प्रति उत्साह को प्रदर्शित किया।

बाल दिवस समारोह और दीपावली से जुड़े कार्यक्रमों ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया। पूरे आयोजन का माहौल उमंग, उल्लास और उत्सव की भावना से सराबोर रहा।