बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टर की तत्परता से गंभीर मरीज की बची जान, आधे घंटे में हालत हुई सामान्य

बगहा अनुमंडलीय अस्पताल से बेहतर चिकित्सा सेवा की एक सराहनीय खबर सामने आई है। शनिवार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे 62 वर्षीय अशोक मिश्र का सर्जन डॉ. विजय कुमार ने तत्परता से इलाज कर उनकी स्थिति सामान्य कर दी।

जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र के बांसगांव मंझरिया निवासी अशोक मिश्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें पहले भैरोगंज में इलाज के लिए ले गए, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया।

अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद सर्जन डॉ. विजय कुमार ने अस्पताल कर्मियों के सहयोग से करीब आधे घंटे तक उनका उपचार किया। उपचार के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ। परिजनों ने डॉक्टर की तत्परता और बेहतर चिकित्सा सेवा की सराहना की।