साहिबगंज जिले में आपसी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी में मुन्ना साह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार उर्फ पवन कुमार और रूपक कुमार पासवान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पोखरिया स्थित बड़ी काली मंदिर के पास चंदन गिफ्ट हाउस के समीप देर रात करीब दो बजे मुन्ना साह को गोली मार दी गई थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और छापेमारी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से एक पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इस हत्याकांड को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
