लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का उत्साह अब गया जी के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। महापर्व को लेकर गया जंक्शन से लेकर गया जी एयरपोर्ट तक विशेष सजावट की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी से दोनों परिसर जगमगा उठे हैं, वहीं छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
गया जंक्शन पर यात्रियों के स्वागत और छठ महापर्व की धार्मिक अनुभूति को खास बनाने के लिए छठ पूजा के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे हैं। स्टेशन परिसर में गूंजते छठी मैया के मधुर गीतों से पूरा माहौल भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है। ट्रेन से अपने घर लौट रहे यात्रियों के चेहरों पर भी पर्व को लेकर खास उत्साह और खुशी दिखाई दे रही है।
वहीं, गया जी एयरपोर्ट को भी छठ पूजा के अवसर पर आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाता एयरपोर्ट परिसर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। यहां आने-जाने वाले यात्रियों को भी छठ महापर्व की सांस्कृतिक और धार्मिक छटा देखने को मिल रही है।
छठ पूजा बिहार की लोक आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़ा प्रमुख पर्व है। ऐसे में गया जंक्शन और एयरपोर्ट जैसे प्रमुख आवागमन केंद्रों पर की गई विशेष सजावट और छठ गीतों की गूंज से पर्व का उत्साह और भी खास हो गया है। दोनों परिसरों में दिखाई दे रही छठ की रौनक श्रद्धालुओं और यात्रियों को महापर्व के माहौल से जोड़ रही है।
