सामाजिक सेवा और मानवता के उद्देश्य से धनबाद राउंड टेबल की ओर से राउंड टेबल इंडिया वीक के अवसर पर 18 नवंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सरायढेला स्थित कल्याणी डायग्नोस्टिक में आयोजित होगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और आम लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संस्था की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता का नेतृत्व धनबाद राउंड टेबल के चेयरमैन ट्र. रोहित अग्रवाल, सचिव ट्र. अंकित उपाध्याय, वाइस चेयरमैन ट्र. विनीत लोहारिवाल, कोषाध्यक्ष ट्र. हरगोबिंद अग्रवाल, आई.पी.सी. ट्र. सूरज सरिया और पब्लिसिटी कन्वीनर ट्र. अनूप गोयल ने किया। इस दौरान कल्याणी डायग्नोस्टिक के संस्थापक ट्र. पंकज गोयल एवं प्रकाश भी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के सदस्यों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित हों और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़े।
संस्था के सदस्यों ने आम लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है।
धनबाद राउंड टेबल की यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
