बीसीसीएल के कुसुंडा क्षेत्र अंतर्गत न्यू गोधर-कुसुंडा-अलकुशा कोलियरी में चोरों ने बड़ी सेंधमारी की घटना को अंजाम दिया है। हाजिरी घर के समीप स्थित एग्जिबिशन रूम की पिछली दीवार काटकर चोर अंदर घुसे और वहां रखे लाखों रुपये के कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कमरे की पिछली दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे तेल, ग्रीस, मोबिल, ट्रांसमिशन ऑयल तथा हाइड्रोलिक से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर मौके से फरार हो गए।
सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मियों को मिली चोरी की जानकारी
सोमवार सुबह जब कोलियरी कर्मी ड्यूटी के लिए हाजिरी घर पहुंचे, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ। एग्जिबिशन रूम का दरवाजा खोलने के प्रयास के दौरान कर्मियों को गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद कमरे की जांच की गई, जहां पिछली दीवार कटी हुई मिली और सामान गायब पाया गया।
इस घटना के बाद कोलियरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की सेंधमारी से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी कीमत और घटना से संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
