पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में ट्रेन लाइटिंग कर्मचारियों को विद्युत सामान्य विभाग में मर्ज करने की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) ने असहमति जताई है। यूनियन ने इस प्रक्रिया से कर्मचारियों के सामने उत्पन्न होने वाली समस्याओं और चिंताओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाते हुए उनके निराकरण की मांग की है।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के उपाध्यक्ष सह ईसीआरकेयू के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने प्रस्तावित मर्जर की प्रक्रिया पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, हाजीपुर को पत्र लिखकर कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और उनका उचित समाधान करने का आग्रह किया है।
कर्मचारियों ने एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी को बताई थीं समस्याएं
जानकारी के अनुसार, धनबाद मंडल में ट्रेन लाइटिंग और विद्युत सामान्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों ने प्रस्तावित मर्जर की प्रक्रिया लागू होने से उत्पन्न होने वाली विभिन्न चिंताओं से पिछले दिनों एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा को अवगत कराया था। कर्मचारियों ने इस मामले में उचित कदम उठाने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का अनुरोध किया था।
इसके बाद ओपी शर्मा ने ईसीआरकेयू के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव से बातचीत की। उन्होंने रेलकर्मियों की समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाने और रेलवे प्रशासन से उनका समाधान कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
महाप्रबंधक को पत्र लिखकर उठाया मामला
कर्मचारियों की चिंताओं को देखते हुए ईसीआरकेयू महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने इस मामले को रेलवे के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने की पहल की। उन्होंने हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर ट्रेन लाइटिंग कर्मचारियों के विद्युत सामान्य विभाग में प्रस्तावित मर्जर से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
यूनियन ने इस प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों की आशंकाओं पर ध्यान देने और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने की आवश्यकता जताई है।
ईसीआरकेयू की इस पहल के बाद अब कर्मचारियों की नजर रेलवे प्रशासन के रुख पर है। कर्मचारी उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी ओर से उठाई गई समस्याओं पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
