धनबाद। कोयला ई-नीलामी की प्रक्रिया में अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) और प्रोसेसिंग फीस में की गई भारी बढ़ोतरी को लेकर कोयला कारोबारियों में नाराजगी है। इस फैसले के विरोध में झारखंड कोल ट्रेडर्स एंड स्टॉकिस्ट एसोसिएशन ने कोल इंडिया के विपणन निदेशक को पत्र लिखकर बढ़ी हुई दरों को वापस लेने और पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने पत्र में बताया है कि EMD की राशि 150 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 500 रुपये प्रति टन कर दी गई है। वहीं, प्रोसेसिंग फीस भी 50 रुपये प्रति टन करने पर आपत्ति जताई गई है। संगठन ने शुल्क वृद्धि के साथ-साथ राशि जब्ती से जुड़े नियमों पर भी सवाल उठाए हैं।
एसोसिएशन का कहना है कि अचानक की गई इस बढ़ोतरी से छोटे और मध्यम स्तर के कोयला कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इससे उनकी कारोबार संबंधी पूंजी प्रभावित होगी और ई-नीलामी में भागीदारी भी मुश्किल हो सकती है।
संगठन ने कोल इंडिया प्रबंधन से फैसले पर पुनर्विचार करने, पुरानी शुल्क दरें लागू करने और कारोबारियों की समस्याओं पर चर्चा के लिए संयुक्त बैठक बुलाने का आग्रह किया है। अब कारोबारियों की नजर कोल इंडिया प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी है।
