दुमका में पिता ने कुदाल से वार कर बेटे की हत्या, मां समेत आरोपी पिता गिरफ्तार

दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 25 वर्षीय महेश मांझी की उसके ही पिता ने कुदाल से वार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि खाना फेंकने और मां के साथ मारपीट करने को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान गुस्साए पिता ने बेटे पर कुदाल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की मां फूलो देवी के अनुसार, घर में खाना खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उन्होंने बेटे महेश को खाना निकालकर दिया था, लेकिन उसने खाना फेंक दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और महेश ने अपनी मां के साथ मारपीट की। मां के साथ हुई मारपीट से नाराज पिता गोवर्धन मांझी ने कुदाल से बेटे पर हमला कर दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।