मोतिहारी में रुपये के लेनदेन को लेकर खूनी संघर्ष, घायल व्यक्ति की मौत, आधा दर्जन से अधिक जख्मी

बिहार के मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के कवलपुर कन्ही टोला में शनिवार को हुई इस मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, गंभीर रूप से घायल किशनाथ सहनी की इलाज के दौरान शनिवार रात मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रामसबल सहनी और किशनाथ सहनी के परिवारों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

घटना में गंभीर रूप से घायल किशनाथ सहनी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।

इसके बाद मृतक के परिजनों ने कथित आरोपी अभियुक्तों के दरवाजे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।