“मैं भारत की बेटी हूं, हर जंग जीतना आता है…” गंगा गौशाला में गोपाष्टमी पर भव्य कवि सम्मेलन, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां

गंगा गौशाला कतरास में सोमवार को गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे कवियों ने अपनी शानदार रचनाओं और ओजस्वी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों की मौजूदगी रही। पूरे आयोजन के दौरान तालियों की गूंज से माहौल साहित्यिक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. नेहा प्रियदर्शनी एवं डॉ. धीरज चौधरी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रेरणा ठाकरे ने मां सरस्वती की वंदना के साथ की। इसके बाद कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकार, रिश्तों, देशप्रेम और जीवन के विभिन्न पहलुओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

कविताओं ने श्रोताओं को किया भावविभोर

उज्जैन से पहुंचे कवि हिमांशु बवंडर ने अपनी कविता के माध्यम से आधुनिक जीवनशैली, प्रकृति और मां के प्रेम का भावपूर्ण चित्रण किया। उनकी पंक्तियां—

“एसी की ठंडक न दे, बूढ़े बरगद की छांव तो दे दे,
कंक्रीटों को जंगल न दे, बचपन वाला गांव तो दे दे,
जर, जोरू, जमीन सब फिजूल है यहां,
मुझे मां के जन्नत वाले पांव तो दे दे…”

ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी कविता पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

इंदौर के कवि अतुल ज्वाला ने बांधा समां

इंदौर से आए कवि अतुल ज्वाला ने अपनी रचनाओं के जरिए जीवन के अनुभवों और भावनाओं को शब्द दिए। उनकी कविता—

“मेरी आंखों में समंदर बहुत है,
अच्छे-बुरे मंजर बहुत हैं…”

ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली।

साहित्य और संस्कृति का दिखा संगम

गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस कवि सम्मेलन ने धार्मिक आयोजन को साहित्य और संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। कवियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को कहीं हंसाया तो कहीं भावुक किया। कार्यक्रम में साहित्य, सामाजिक चेतना और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।

इस आयोजन ने कतरास में साहित्यिक गतिविधियों को एक नया मंच देने के साथ-साथ कवियों और साहित्य प्रेमियों को एक साथ जुड़ने का अवसर प्रदान किया।