पश्चिम चंपारण (बगहा)।
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। घने कोहरे के कारण स्कूल बस और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा बैकुंठवा स्थान के समीप हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, तेलपुर देवराज गांव से बच्चों को लेकर आ रही राजहंस पब्लिक स्कूल की बस सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई। हादसे के समय बस में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे।
इस दुर्घटना में एक स्कूली छात्र आतिफ अली सहित स्कॉर्पियो सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को रामनगर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर राजेश ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। वहीं स्कॉर्पियो सवार घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल कौशल अली ने आरोप लगाया कि घने कोहरे के बावजूद बस चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने ठंड और कोहरे को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग सरकार से की है।
फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

