झरिया: धनबाद जिले के झरिया इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ झरिया के भागाबांध ओपी क्षेत्र और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में हुई। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी Prince Khan के गिरोह के तीन गुर्गे घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों को पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अपराधी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
घायलों में अमन सिंह उर्फ कुबेर, जो पलामू का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि विक्की डोम और अफजल उर्फ अमन धनबाद के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों हाल ही में रांची के एक होटल में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
धनबाद के एसएसपी Prabhat Kumar ने बताया कि रांची में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में रांची पुलिस धनबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।
सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी झरिया के भागाबांध इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। क्रॉस फायरिंग के दौरान दो अपराधियों को गोली लग गई, जबकि तीसरा अपराधी भागते समय गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मौके से पुलिस ने हथियार, कई मोबाइल फोन और बम भी बरामद किए हैं। बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।









