धनबाद: चैत्र नवरात्रि के अष्टम दिन गुरुवार को धनबाद के प्रसिद्ध शक्ति मंदिर में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने मां की आराधना कर सुख-शांति की कामना की।
मंदिर कमेटी की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुमारी कन्याओं का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे और आदरपूर्वक भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन की परंपरा हर वर्ष श्रद्धा के साथ निभाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कुमारी कन्याओं में मां दुर्गा का वास होता है, इसलिए उनका पूजन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी कन्याओं को आमंत्रित कर उनका विधिवत पूजन किया गया।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी ने देश और दुनिया में शांति की कामना भी की। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई हिस्सों में अशांति और संघर्ष का माहौल है, ऐसे में मां दुर्गा से प्रार्थना है कि वे सभी को सद्बुद्धि प्रदान करें और संसार में शांति स्थापित करें।
मंदिर में प्रतिदिन संध्या आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। कमेटी ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आरती में शामिल होने और मंदिर के नियमों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना करने की अपील की है।
इस पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर नजर आया।








