बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा माराफारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-32 पर ऋतुडीह के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा एक अनियंत्रित ट्रक स्कूटी सवार मां-बेटी को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल बेटी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतका की पहचान रिंकू देवी और घायल बेटी की पहचान दिव्या कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 3 सी, क्वार्टर नंबर 694 की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वे बालीडीह स्थित अपने रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ऋतुडीह के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही दो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।







