झारखंड के निरसा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। एग्यारकुंड प्रखंड अंतर्गत कुमारधुबी ओपी क्षेत्र के बड़डंगाल, गाड़ी खाना समेत पांच टोला के सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार देर रात थाना पहुंचकर घेराव किया और जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पोकलेन मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा है। विरोध करने पर संबंधित लोगों द्वारा ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और धमकी दी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मामले में पुलिस को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों को ओपी का घेराव करने पर मजबूर होना पड़ा।
इधर गल्फरबाड़ी ओपी क्षेत्र के सन्यासी मंदिर के पास भी महिलाओं ने कुआंनुमा अवैध खदान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने साफ कहा कि किसी भी हाल में अवैध कोयला खनन बंद होना चाहिए, क्योंकि इससे इलाके में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में पहले से ही अवैध भट्टा संचालित हैं और सैकड़ों अवैध खदान के मुहाने खोल दिए गए हैं। यहां से प्रतिदिन 20 से 30 ट्रकों में कोयला बाहर भेजा जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी खतरे में है।
वहीं जमीन मालिक राकेश खन्ना ने बताया कि उनकी जमीन तालाब निर्माण के नाम पर ली गई थी, लेकिन वहां अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल खुदाई रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही अवैध खनन पर रोक लगेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।




