सुदामडीह थाना अंतर्गत भौंरा ईजे महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नकाबपोश अपराधियों ने चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भौंरा महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे। बैठक और वार्ता के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, तभी नकाबपोश अपराधियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले और फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी नकाबपोश अपराधी फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।




