उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगाए गए कैंप में सामने आई गड़बड़ियों ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, इस कैंप में करीब 7000 आवेदन प्राप्त हुए थे। लेकिन जब नगर निगम द्वारा इन आवेदनों की स्क्रूटनी की गई, तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। जांच में पाया गया कि कई ऐसे आवेदकों ने भी आवेदन किया था, जिनके पास पहले से ही पक्का मकान मौजूद है।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा के मुताबिक, जांच के बाद गड़बड़ी उजागर होते ही कई आवेदक कार्रवाई के डर से खुद ही अपने आवेदन वापस लेने लगे हैं। बताया गया कि आवेदन के समय सभी ने शपथ पत्र भी दिया था, लेकिन अब कई लोग खुद सामने आकर यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे पहले ही सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।



