दुर्गापुर में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है।
प्रशासन द्वारा दुर्गापुर सरकारी महाविद्यालय को स्ट्रॉन्ग रूम के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां दुर्गापुर पूर्व, दुर्गापुर पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों से लाई गई ईवीएम मशीनों को सुरक्षित रखा गया है।
गुरुवार को मतदान खत्म होने के बाद प्रशासन और चुनाव अधिकारियों की निगरानी में ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चूक की संभावना न रहे।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतगणना तक ईवीएम मशीनों को इसी स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
