उत्तर प्रदेश के Gonda जिले में महिला सुरक्षा और जनसुनवाई को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य Ekta Singh एकदिवसीय दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने जिला मेडिकल कॉलेज, वन स्टॉप सेंटर सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों का निरीक्षण किया।
जिला मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती महिला मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी महिला मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद एकता सिंह ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने महिला अपराधों से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सेंटर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कोतवाल से सीधी बातचीत की और दोनों पक्षों को आयोग के समक्ष तलब करने के निर्देश दिए। एक मामले में दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिले के कई अन्य विकास और सुरक्षा से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। एकता सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
