तृणमूल नेता ने उठाए करोड़ों के घोटाले पर सवाल, भाजपा विधायक ने जांच की मांग की

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब आसनसोल बस स्टैंड में वर्षों से वसूली जा रही कथित “डेवलपमेंट फीस” को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस से जुड़े श्रमिक नेता राजू अहलूवालिया ने बसों से प्रतिदिन वसूले जा रहे शुल्क में बड़े पैमाने पर अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाया है।

राजू अहलूवालिया का दावा है कि नगर निगम के नाम पर वर्षों से बसों से 10 से 20 रुपये तक की राशि वसूली जा रही है, लेकिन पूरी रकम निगम के खाते में जमा नहीं हो रही। उन्होंने इस मामले में 2014 के एक पुराने पत्र का हवाला देते हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की आशंका जताई है।

उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत आवेदन देकर यह जानकारी मांगी है कि किस नियम के तहत यह शुल्क लिया जा रहा है और अब तक जमा हुई राशि का उपयोग कहां किया गया। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

वहीं भाजपा विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि अनियमितता सामने आती है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मामले को लेकर बस संचालकों और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।