बलिया शहर के कासिम बाजार स्थित मीना बाजार भूमि विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित अभिषेक कुमार ने नगर पालिका प्रशासन और विशेष रूप से अधिशासी अधिकारी (EO) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद पुलिस बल के साथ जमीन कब्जाने और मकान ध्वस्त करने की कोशिश की गई।
पीड़ित अभिषेक सिंह के अनुसार, यह मामला फिलहाल सिविल कोर्ट में विचाराधीन है और अदालत द्वारा अभी किसी भी पक्ष को अंतिम अधिकार नहीं दिया गया है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रशासन दबाव बनाकर विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने का प्रयास कर रहा है। घटना के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
वहीं नगर पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
अब यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों की मांग है कि न्यायालय के निर्णय आने तक विवादित जमीन पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई रोकी जाए।
