आसनसोल में TMC की हार पर प्रदेश सचिव का विस्फोटक बयान, नेताओं के अहंकार को बताया वजह

आसनसोल में तृणमूल कांग्रेस की चुनावी हार को लेकर पार्टी के अंदर से ही असंतोष की आवाजें उठने लगी हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव वी. शिवदासन उर्फ दासु ने विधानसभा चुनाव में मिली हार पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि कुछ नेताओं और मंत्रियों के अहंकार की वजह से पार्टी को जनता का समर्थन नहीं मिला।

उन्होंने बिना नाम लिए राज्य के पूर्व मंत्री मलय घटक और कुछ जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद कई नेता जनता से कट गए थे। दासु के मुताबिक, पार्टी के भीतर बढ़ते अहंकार और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने 25 साल विपक्ष में और 15 साल सत्ता में राजनीति की है, लेकिन जनता से जुड़ाव ही किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है। दासु ने संकेत दिया कि यदि पार्टी को फिर से मजबूत बनना है तो जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम जनता से संबंध मजबूत करने होंगे।

नई सरकार के गठन के महज 24 घंटे के भीतर आए इस बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक गलियारों में इसे तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है।