गिरिडीह में भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली और पानी की अनियमित आपूर्ति के विरोध में गिरिडीह समाहरणालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा के पुरुष और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि तपती गर्मी में भी शहर में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि एक तरफ लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति नहीं किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
आक्रोश प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार से बिजली और पानी की व्यवस्था जल्द सुधारने की मांग की। मौके पर प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
