धनबाद के वार्ड 32 में पानी संकट को लेकर कार्यपालक अभियंता को सौंपा गया ज्ञापन

धनबाद नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 32 में पिछले पांच वर्षों से जारी पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। करीब 20 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में पानी की अनियमित आपूर्ति और तकनीकी खामियों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को समाजसेवी शशी भूषण कुमार दर्जनों महिला और पुरुषों के साथ पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-1 कार्यालय पहुंचे और कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की। लोगों ने विभागीय लापरवाही को पानी संकट की मुख्य वजह बताया।

शशी भूषण कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया के पास लंबे समय से खराब पड़े वॉल्व की मरम्मत नहीं होने के कारण कुछ इलाकों में अधिक प्रेशर से पानी की सप्लाई हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस असंतुलित आपूर्ति के कारण स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।