बाघमारा प्रखंड कार्यालय के समीप मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित वादाखिलाफी के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना का नेतृत्व शत्रुघ्न महतो ने किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न महतो ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसानों से 32 रुपये प्रति किलो की दर से अनाज खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया। समय पर अनाज की खरीद नहीं होने से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
विधायक ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने और कानून व्यवस्था सुधारने की मांग की।
धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय किसान मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
